सास ने बहू को गर्म चिमटे- जलते कपूर से दागा
अलवर। एक सास ने अंधविश्वास के नाम पर अपनी बहू के साथ बेरहमी की है। महिला की सास ने तंत्र-मंत्र के नाम पर उसे गर्म चिमटे से दागा, जिसके बाद वो जिला अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता का नाम संतोष देवी है और वो 24 साल की है। यह घटना अलवर के रैणी के दूमड़ा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, महिला की सास तांत्रिक के पास जाती रहती है। वहां, उसने जो देखा वही अपनी बहू पर आजमा लिया।। आठ दिन पहले ही पीड़िता ने दूसरी बेटी को जन्म दिया था, जिसके बाद उसे दौरा पड़ने लगा था। सास ने दौरा खत्म करने के लिए जला हुआ कपूर और गर्म चिमटा बहू के हाथों की हथेली पर रख दिए। इससे बहू के दोनों हाथ जल गए। फिर वो इसी हाल में बहू को तांत्रिक के पास ले गई। लेकिन तांत्रिक ने जली महिला को देख कहा- इस अस्पताल ले जाओ। पहले लेकर आना चाहिए था। पीड़िता की बहन ने बताया कि सास गुड़ा कटला में तांत्रिक के पास जाती रहती है। वहां से जो देखा वही अपनी बहू पर आजमा लिया। अब हम पछता रहे हैं। संतोष के पति ने बताया कि उसे पता नहीं था कि उसकी मां तांत्रिक के पास जाती है। और इसमें सारा दोष तांत्रिक का है। जो महिलाओं को तंत्र विद्या सिखाता है। उसी कारण उनके घर में मां ने बहू पर तंत्र विद्या कर डाली। परिवार के लोगों ने बताया कि बहू के हाथ जलने के बाद वे गुड़ा कटला में तांत्रिक के पास लेकर गए थे। लेकिन तांत्रिक ने हाथ जले देखे तो बोला इसे अस्पताल लेकर जाओ। अब मैं कुछ नहीं कर सकता। उसका कहने का मतलब था कि पहले लेकर आते तो मैं तंत्र विद्या से ठीक कर देता। लेकिन अब नहीं कर सकता। अस्पताल में भर्ती संतोष के बारे में डॉक्टर ने कहा कि यह बीमारी है। महिला में दौरे आते हैं। उसका इलाज कराना चाहिए था। ये उसे तांत्रिक के पास लेकर गए है। जैसा परिवार के सदस्यों ने बताया है। दोनों हाथ जले हुए हैं। हम उसका इलाज कर रहे हैं। |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें