अदिति सिंह ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ, मानी जाती थीं राहुल की करीबी, इतनी प्रॉपर्टी की हैं मालकिन
रायबरेली सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे पत्र में अदिति सिंह ने इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। अदिति सिंह काफी समय से पार्टी से नाराज चल रही थी और उनके बयानों का झुकाव बीजेपी की तरफ साफ़ दिखाई देता था। इसके बावजूद उन्होंने अभी तक कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा नहीं दिया था। कौन हैं अदिति सिंह: अदिति सिंह कद्दावर और बाहुबली नेता अखिलेश सिंह की बेटी है। 2017 में पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं अदिति सिंह ने मोदी लहर के बाद भी सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली सदर सीट से जीत हासिल करने में कामयाब रहीं थीं। इतना ही नहीं, अदिति यूपी विधानसभा की सबसे युवा सदस्यों में एक है। हालांकि 2019 में ही अदिति ने कांग्रेस को बागी तेवर दिखा दिए थे, जब पार्टी के व्हिप के खिलाफ जाकर संविधान दिवस पर विधानसभा के विशेष सत्र में आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल हुई थी। इसके बाद वह लगातार पार्टी विरोधी बयानबाजी करती रहीं और 24 नवंबर 2021 को उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। विदेश में पढ़ाई, कांग्रेस विधायक से हुई शादी: अदिति सिंह का जन्म 15 नवंबर 1987 को लखनऊ में हुआ था। अदिति ने यूएसए के ड्यूक विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ़ मैनेजमेंट स्टडीज की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई करके देश वापस आने के बाद अदिति सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव में पिता अखिलेश सिंह की राजनीतिक विरासत संभाली और विधायक बनीं। 21 नवंबर 2019 को अदिति सिंह ने पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सिंह संग शादी कर ली थी। कितनी प्रॉपर्टी की मालकिन हैं अदिति सिंह: 2017 में चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार, अदिति सिंह के पास 13 लाख 98 हजार 459 रुपए की चल संपत्ति है। जिसमें 15 हजार रुपए नकद, बैंक खाते में 53 हजार रुपए है। अदिति सिंह के पास 4 लाख 25 रुपए की ज्वेलरी है। वहीं अचल संपत्ति के नाम पर अदिति सिंह के नाम पर सिर्फ एक खेत है जिसकी कीमत 4 लाख 40 हजार रुपए है। 2017 में दिए हलफनामें के अनुसार, अदिति सिंह के नाम पर 44 लाख 90 हजार 234 रुपए कर्ज है, जो उन्होंने विजया बैक से लोन लिए हुए हैं। हलफनामे के अनुसार अदिति सिंह के पास उनकी कोई गाड़ी नहीं है। बता दें कि अदिति सिंह को राहुल गांधी की करीबी कहा जाता था लेकिन पिता अखिलेश सिंह के निधन के बाद से ही अदिति सिंह कांग्रेस से नाराज बताई जा रही थीं। वो सीएम योगी के कार्यों की खूब प्रशंसा भी कर चुकी है। अदिति सिंह पिछले साल नवंबर में ही बीजेपी ज्वाइन कर चुकी हैं लेकिन कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया था। ऐसा करने से उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो जाती। |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें