मां मासूम दो बेटों सहित टांके में कूदी, तीनों की मौत, शोक में डूबा गांव
जोधपुर. लोहावट थाना क्षेत्र के शैतानसिंहनगर के भाटियों की ढाणी में रविवार दोपहर बाद एक महिला अपने दो मासूम पुत्रों के साथ घर के बने टांके में कूदने का सनसनीखेज मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलने पर लोहावट पुलिस पहुंची तथा तीनों के शव टांके से बाहर निकलवाए। बाद में शवों को लोहावट सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। एएसआई शैतानाराम पंवार ने बताया कि शाम पौने पांच बजे सूचना मिली कि शैतानसिंहनगर में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ टांके में कूद गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तथा शवों को टांका के बाहर निकलवाया। एसएसआइ ने बताया कि मृतका बेबी कंवर (27) पत्नी आईदानसिंह की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। महिला ने अपने पुत्र देवेन्द्रसिंह (4) व सात माह का पुत्र तेजमालसिंह को साथ लेकर टांके में कूदी। बाद मे शवों को लोहावट सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस द्वारा मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी गई। पीहर पक्ष के लोग भी पहुंच गए। शवों के पोस्टमार्टम की तथा अग्रिम कार्रवाई सोमवार सुबह की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक कोई प्राथमिकी पुलिस में नहीं दी गई। महिला के बच्चों के साथ टांका में कूदने का फिलहाल कोई कारण सामने नहीं आया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि महिला बच्चों के साथ दोपहर में तीन बजे बाद टांके कूदी उस समय घर पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। मृतका की सास भी पड़ोस में गई थी। मृतका की सास जब वापस घर पर आई। तब उसने घर में देखा तो महिला व बच्चे नजर नहीं आए। घर के आगे बने टांका का ढक्कन खुला नजर आया। तब टांके के अंदर झांक कर देखा तो तीनों के शव तैर रहे थे। |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें