छह दिन में तीसरी बार थमी दिल्ली मेट्रो की रफ्तार, शनिवार को भी यात्री हुए परेशान
नई दिल्ली । दिल्ली मेट्रो रेल निगम की ट्रेनों की रफ्तार पर शनिवार को फिर थम गई जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का करना पड़ा। डीएमआरसी के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन पर शनिवार सुबह कुछ तकनीकी कारणों से सेवाएं बाधित हुईं। दिल्ली मेट्रो का यह रूट दिल्ली में कश्मीरी गेट और हरियाणा में बल्लभगढ़ को जोड़ता है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने ट्वीट किया कि वायलेट लाइन की सूचना। कश्मीरी गेट और राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) के बीच सेवा में विलंब। अन्य सभी लाइनों पर सेवा सामान्य। हालांकि, कुछ देर बाद दिल्ली मेट्रो के सभी रूटों पर हालात सामान्य है। उधर, इस रूट पर परेशान यात्रियों ने ट्विटर पर साझा किया कि वे काम करने के रास्ते या अन्य गंतव्यों पर स्टेशनों पर लंबे समय से ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं।
इसके चलते फरीदाबाद और दिल्ली के बीच आवागमन के बीच सफर करने वाले हजारों मेट्रो यात्रियों को दिक्कत आई। इस सप्ताह दो दिन ब्लू लाइन पर ठहरे मेट्रो के पहिये राजधानी दिल्ली की लाइफ लाइन कही जाने वाली मेट्रो के संचालन में एक बार फिर एक सप्ताह में दो बार तकनीकी गड़बड़ी आड़े आ गई। सोमवार के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) का तार टूट गया और सुबह के व्यस्त समय में 6:43 से 9:45 बजे तक नोएडा व वैशाली से दिल्ली के बीच तीन घंटे तक परिचालन प्रभावित रहा। ब्लू लाइन पर चार दिन में दूसरी बार ऐसी घटना हुई। इससे नौकरीपेशा वाले लोग तो परेशान हुए ही, कई छात्रों की परीक्षा भी छूटने की बात सामने आई। डीएमआरसी का कहना है कि किसी चिड़िया के टकराने से ओएचई में शार्ट सर्किट हो गया था। इससे सुबह 6:43 बजे यमुना विहार से इंद्रप्रस्थ के बीच मेट्रो की अप लाइन (नोएडा व वैशाली से द्वारका सेक्टर 21 की ओर का ट्रैक) पर ओएचई का कैटिनरी तार टूट गया। इससे यमुना बैंक से द्वारका की ओर जाने वाली मेट्रो रुक गई और देर तक यमुना बैंक से इंद्रप्रस्थ के बीच परिचालन बंद रहा। ओएचई रखरखाव टीम के करीब 25 कर्मियों ने मरम्मत कार्य पूरा किया। उन कर्मियों ने डीएमआरसी को बताया कि मौके से टूटे हुए चार्जर केबल व अन्य तार मिले हैं। ओएचई ठीक होने के बाद सुबह 9:45 बजे परिचालन सामान्य हो गया। हालांकि, यात्रियों ने सुबह 10 बजे के बाद भी देर से मेट्रो मिलने की शिकायत की। राजीव चौक स्टेशन पर बंद करने पड़े प्रवेश द्वार सामान्य परिचालन प्रभावित होने पर यमुना बैंक और इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जुट गई। इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी, वहीं राजीव चौक स्टेशन पर भीड़ के कारण प्रवेश द्वार को बंद करना पड़ा, क्योंकि 10 से 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध हो पा रही थी। कई स्टेशनों के डिस्प्ले बोर्ड पर नोएडा के लिए 32 से 40 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होने की सूचना दी जा रही थी। डीएमआरसी का कहना है कि डाउन लाइन (द्वारका से नोएडा और वैशाली जाने का ट्रैक) पर परिचालन बंद नहीं हुआ था। ओएचई के मरम्मत कार्य के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए यमुना बैंक से बाराखंभा रोड स्टेशन के बीच सिंगल लाइन पर ट्रेन का परिचालन किया गया। इंद्रप्रस्थ से यमुना बैंक के बीच शटल सेवा भी चलाई गई। इस दौरान यमुना बैंक से वैशाली और द्वारका सेक्टर 21 से इंद्रप्रस्थ के बीच दो लूप में मेट्रो का प्रभावी रूप से परिचालन हुआ।
| ![]() |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें