पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आया बदलाव, इन राज्यों में बारिश के आसार, जानें- ताजा अपडेट


नई दिल्ली । पिछले कुछ दिनों ने भीषण गर्मी और लू के थपेड़े झेल रहे दिल्ली-एनसीआर वालों को आज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। आसमान में सुबह से ही बादल छाए रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री के करीब रहने की संभावना है और हल्की बारिश भी पड़ने का अनुमान है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

बता दें कि उत्तर भारत में इन दिनों जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा आदि जैसे राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, आज कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। कुछ राज्यों में बारिश के आसार जताए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज बारिश हो सकती है, जबकि असम और मेघालय में अगले पांच दिनों तक बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। गुजरात के अहमदाबाद में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। मध्य प्रदेश की बात करें तो भोपाल में आज का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने आज यहां बारिश की संभावना जताई है। वहीं स्काईमेट वेदर के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

जानें- मौसम में अचानक बदलाव क्यों आया

भीषण गर्मी के बीच मौसम में अचानक आए बदलाव का बड़ा कारण हिमालय के ऊपर से निकल रहे एक पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। बुधवार दोपहर से इसमें आया बदलाव गुरुवार तक बना रहेगा। गुरुवार सुबह से ही सड़कों पर हवा के कारण धूल उड़ती नजर आई वहीं बादल छाए रहने से चिलचिलाती धूप से निजात मिली। बता दें कि आज दिल्ली सहित कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि इससे गर्मी से बहुत ज्यादा निजात मिलने की संभावना नहीं है।

उत्तराखंड में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता व दक्षिण से आ रही नम हवाओं के दबाव के चलते आज (बृहस्पतिवार) गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय इलाकों में तेज गर्जना के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में बिजली गिरने के साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने की भी संभावना जताई है। कहीं-कहीं हवाओं की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटा हो सकती है। ऐसे में अलर्ट रहने की भी जरूरत है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और अंधड़ की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में बुधवार को बारिश-बर्फबारी को लेकर जारी येलो अलर्ट बेअसर साबित हुआ। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार और शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी की है। 23 और 24 अप्रैल को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। बुधवार को शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली।

इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिमी हिमालय, सिक्किम, हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। झारखंड में दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

 

टिप्पणियाँ

समाज की हलचल

घर की छत पर किस दिशा में लगाएं ध्वज, कैसा होना चाहिए इसका रंग, किन बातों का रखें ध्यान?

समुद्र शास्त्र: शंखिनी, पद्मिनी सहित इन 5 प्रकार की होती हैं स्त्रियां, जानिए इनमें से कौन होती है भाग्यशाली

सुवालका कलाल जाति को ओबीसी वर्ग में शामिल करने की मांग

मैत्री भाव जगत में सब जीवों से नित्य रहे- विद्यासागर महाराज

25 किलो काजू बादाम पिस्ते अंजीर  अखरोट  किशमिश से भगवान भोलेनाथ  का किया श्रृगार

महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार

घर-घर में पूजी दियाड़ी, सहाड़ा के शक्तिपीठों पर विशेष पूजा अर्चना